NRI SANJH JALANDHAR (12 JANUARY)
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे को लेकर आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि कल के लिए येलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि हल्की बारिश होने की संभावना है। उसके बावजूद भी घने कोहरे और ठंड से निजात अभी आने वाले दिनों में नहीं मिलेगी।

नहीं हुए सूर्य के दर्शन
चंडीगढ़ मौसम विभाग के विशेषज्ञ के अनुसार पिछले एक हफ्ते से सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए हैं। जिसकी वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग चार से पांच डिग्री नीचे चल रहा है। इस वजह से उत्तर भारत में घना कोहरा और ठंड बढ़ रही है। आज और कल इसी तरह से घना कोहरा और ठंड रहेगी। लेकिन बुधवार से कोहरे और ठंड में हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।
स्कूल-कॉलेज बंद
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री नीचे चल रहा है. चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज दर्ज किया गया. वहीं हरियाणा और पंजाब के भी कई जिलों में आज और कल ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है।कड़ाके की ठंड को देखते हुए पंजाब में सभी स्कूल और कॉलेज बंद है।
राज्य में आने वाले 13-14 जनवरी के 2 दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच दिन में ठंड बरकरार रहेगी और रात के तापमान में भी गिरावट आएगी। हालात इस कदर बद से बदतर हो सकते हैं कि घर से बाहर निकालने के बाद आपकी तबीयत तक खराब हो सकती है खासकर बुजुर्गों और बच्चों की तरफ खास ध्यान देना होगा।

इसके अलावा 15 और 16 जनवरी को पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बारे में चंडीगढ़ मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. शविंदर ने कहा कि इन 2 दिनों के दौरान अगर जरूरी हो तो ही घर से निकलें और हो सके तो सुबह -रात के समय गाड़ी न चलाएं।अगर ऐसा नहीं किया जा सकता तो लोगों को घने कोहरे के दौरान बेहद सावधानी से गाड़ी चलानी चाहिए। इसके अलावा जिन लोगों ने ट्रेन का टिकट बुक कराया है उन्हें रेलवे स्टेशन पर जाने से पहले यह जांच लेना चाहिए कि ट्रेन लेट तो नहीं हो रही है। डॉ. शविंदर ने कहा कि सर्दी के मौसम में गर्म व गर्म कपड़े पहनने चाहिए तथा बच्चों व बुजुर्गों को घर पर ही रहना चाहिए।
डॉ. शविंदर ने कहा कि अगले 5 दिनों तक पंजाब और हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा। ऐसी ठंड में बचाव करने की जरूरत होती है। सुखी ठंड के मौसम में हल्की सी लापरवाही स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डालती है। ऐसे में सबसे पहले गला खराब होता है और छाती चौक होना शुरू हो जाती है। इसके चलते खांसी, बुखार होने की संभावनाएं बढ़ जाती है। वहीं, पंजाब में एयर क्वालिटी इंडैक्स (ए.क्यू.आई.) पहले से खतरनाक स्तर पर चल रहा है व ऐसे हालातों में स्वास्थ्य बिगड़ने की संभावनाए और भी बढ़ जाती है।


