NRI SANJH JALANDHAR (3 March)
बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार लालू यादव ने नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला है। पटना के गांधी मैदान में आयोजित ‘जन विश्वास महा रैली’ में उन्होंने जमकर नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार में कोई गड़बड़ी नहीं हुई थी, लेकिन फिर भी नीतीश कुमार पलट गए। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजी से काम हो रहा था लेकिन वह एक बार फिर से नरेंद्र मोदी के साथ चले गए।
लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को मैंने कभी बुरा-भला नहीं कहा। हमें केवल इतना कहा कि वह पलटूराम हैं। लेकिन वह दोबारा हमारे पास आये और हमने दोबारा गलती कर दी। वह एक बार फिर से बीजेपी के पैरों में चले गए। उन्हें यह सब करते हुए शर्म नहीं आती है। उन्होंने गांधी मैदान में मौजूद भीड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इस भीड़ को देखकर नीतीश कुमार की तबियत ख़राब हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब अगर दोबारा इधर आने की कोशिश करेंगे तो जोरदार धक्का लगेगा।
इसके साथ ही उन्होंने इस जनसभा में बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम आजकल परिवारवाद पर हमला बोल रहे हैं। तुम्हारे पास कोई परिवार नहीं है तो इसमें हम क्या करें। उन्होंने कहा कि यह लोग असली हिंदू भी नहीं हैं। हिंदुओं की मान्यताओं को भी नहीं मानते हैं, बस वोट लेने के लिए दिखावा करते हैं। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर हमला बोलते हुए लालू यादव ने कहा कि क्या अभी तक भगवान बिना प्रतिष्ठा के ही थे।


