कंगना के बयान पर बोले सीएम भगवंत मान, हम पंजाबी ऐसे लोग हैं जो प्यार से जान तक दे सकते हैं

NRI SANJH JALANDHAR (29 AUGUST)

Advertisement
Google search engine

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा किसानों के खिलाफ दिए गए बयान का पूरे पंजाब में विरोध हो रहा है। इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की टिप्पणियों पर असंतोष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भाजपा ने कंगना के बयान को उनका निजी विचार बताकर पल्ला झाड़ लिया है। अगर यह सांसद कंगना का निजी बयान है, तो भाजपा को उन्हें पार्टी से बाहर कर देना चाहिए।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कंगना रनौत को हिमाचल प्रदेश के मंडी क्षेत्र के लोगों ने अपने क्षेत्र के मुद्दों को हल करने के लिए सांसद चुना है। इसके बावजूद कंगना इस तरह के बेसिर-पैर और बेबुनियाद बयान दे रही हैं। किसी सांसद को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, जो देश और समाज में अशांति या अस्थिरता पैदा करें. कंगना ने किसानों के खिलाफ जो बयान दिया है, वह बिल्कुल गलत है. किसी सांसद को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा ने कंगना के बयान को मामूली मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया है. भाजपा को केवल यह नहीं कहना चाहिए कि यह एक निजी विचार है, बल्कि पार्टी को अपने सांसदों को भी नियंत्रित करना चाहिए.

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि हम पंजाबी ऐसे लोग हैं जो प्यार से जान तक दे सकते हैं। लेकिन अगर ऐसी बेसिर-पैर की बयानबाजी की गई तो स्वाभाविक है कि हमें गुस्सा आएगा. इसलिए मैं भाजपा सरकार से कहना चाहूंगा कि वह अपने सांसदों को काबू में रखे. किसानों का विरोध करने के लिए तरह-तरह की बयानबाजी की जा रही है, जो बर्दाश्त से बाहर है।

Advertisement
Google search engine