NRI SANJH JALANDHAR(9 JANUARY)
रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ को रिलीज हुए 1 महीने से ज्यादा का समय हो गया है. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया है। रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘एनिमल’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए थे। फिल्म को रिलीज हुए 30 दिन से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन फिल्म का क्रेज फैंस के बीच खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।

फिल्म अभी भी बॉक्स ऑफिस पर कब्जा किए हुए है। हालांकि फिल्म को काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा, इसके बावजूद भी फिल्म की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। जिस दिन ‘एनिमल’ रिलीज हुई थी, उसी दिन बॉक्स ऑफिस पर विक्की कौशल की फिल्म ‘सैम बहादुर’ ने भी सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, लेकिन ‘एनिमल’ की आंधी के सामने कोई भी फिल्म टिक नहीं पाई।

वहीं अब फिल्म ने शाहरुख खान की पठान को पछाड़ दिया है।साउथ सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ‘सालार’ और शाहरुख खान की ‘डंकी’ की रिलीज के बाद भी फिल्म करोड़ो का कारोबार कर रही है। फिल्म पहले ही 500 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है और अब ये धीरे-धीरे ही सही लेकिन 600 करोड़ की तरफ अपना कदम बढ़ा रही है।‘
पठान’ की कुल कमाई 543. 09 है। वहीं, ‘एनिमल’ ने अब तक 543. 22 करोड़ की कमाई कर ली है। शाहरुख खान की जवान रणबीर कपूर की एनिमल से आगे बनी हुई है। ‘जवान’ अब भी 640 करोड़ की कमाई के साथ नंबर वन पर बनी हुई है। फिल्म को साउथ के मशहूर निर्देशक संदीप वांगा रेड्डी ने डायरेक्ट किया है। और ये उनकी दूसरी हिंदी फिल्म है। इस फिल्म से पहले उन्होंने ‘कबीर सिंह’ को डायरेक्ट किया था। वह फिल्म भी सुपरहिट साबित हुई थी।


